सहयोग एवं गुरुकुल विद्या मंदिर तमनार में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी

सहयोग एवं गुरुकुल विद्या मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंडित हरिहर प्रसाद शर्मा सहयोग एवं गुरुकुल विद्या मंदिर परिवार ने पूर्ण श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपस्थित गणमान्य अभिभावकों द्वारा भगवान श्री राधा-कृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और आरती उतारकर किया गया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर साक्षात ‘वृंदावन धाम’ में परिवर्तित नजर आया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण के मनमोहक रूप में सजे-धजे थे, जिनकी अलौकिक छटा ने हर किसी का मन मोह लिया। नन्हे कान्हा की बाल-लीलाओं और गोपियों के संग रास ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।चारों ओर गूंजते “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के गगनभेदी जयकारों और भक्तिमय भजनों पर छात्र झूमने को मजबूर हो गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऊर्जावान छात्रों द्वारा बनाई गई मानव शृंखला और ‘मटकी फोड़’ प्रतियोगिता रही, जिसने पूरे माहौल को उमंग और रोमांच से भर दिया।कार्यक्रम के सफल और गरिमापूर्ण समापन पर विद्यालय के आदरणीय प्राचार्य श्री वाई. के. शर्मा जी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest