“प्रतिभा को अवसर और संस्कारों को सम्मान देना ही शिक्षा का उद्देश्य” : नरेश राठिया


सेवा संकल्प कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, रंगोली व भाषण प्रतियोगिता की सराहना
तमनार। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलोई में विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम–2026 उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजयुमो मंडल तमनार के महामंत्री नरेश राठिया अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कला, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का सुंदर प्रदर्शन किया। नरेश राठिया ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।


अपने संबोधन में नरेश राठिया ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक प्रतियोगिता और रचनात्मक गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करने तथा मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने गांव, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें।
नरेश राठिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय परिवार से यह भी आग्रह किया कि विद्यालय से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता हो तो उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि यथासंभव सहयोग किया जा सके।
कार्यक्रम में संजय पटनायक, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, मेहनत और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं सरपंच गौरी मुनावर राठिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से रंगोली एवं चित्रकला में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सुंदर कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।
इस अवसर पर उपसरपंच पुनि राम साहू, प्राचार्य सुभाष गुप्ता, ग्राम के पंचगण, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर नरेश राठिया ने विद्यालय परिवार द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान एवं आत्मीयता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया तथा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest