तमनार में भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला, 17 सितंबर से शुरू होगा 13 चरणों का महाअभियान

तमनार में भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला, 17 सितंबर से शुरू होगा 13 चरणों का महाअभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा समर्पण को समर्पित रहेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
तमनार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में तमनार में भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।


यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलेगा। इसके अंतर्गत 13 चरणों में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा, तैयारी तथा संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा समर्पण को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने का आह्वान किया।


हर बूथ तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
अभियान के दौरान मंडल से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनसेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अभियान की सफलता बेहतर योजना, मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करेगी।


13 चरणों में जनभागीदारी का अभियान
संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों—युवा, महिलाएं, किसान, गरीब एवं वंचित वर्ग—की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 13 चरणों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी का वातावरण तैयार किया जाएगा।
कार्यशाला में जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितिन साव ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री विकास कौड़िया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest