किसानों के हितों के प्रहरी बने यू.एन. नगाईच, तमनार में खाद कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई


रायगढ़/तमनार। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तमनार विकासखंड में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन की जा रही लगभग 50 बोरी डीएपी खाद जब्त की है। इस कार्रवाई का नेतृत्व विकासखंड कृषि विस्तार अधिकारी यू.एन. नगाईच एवं उनकी टीम ने किया, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
काफी समय से किसानों द्वारा खाद की कमी और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगाईच और उनकी टीम ने निगरानी बढ़ाई तथा भालूमुड़ा क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में डीएपी खाद पाई गई, लेकिन परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद विभाग ने तत्काल खाद और वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी।


कृषि विभाग का मानना है कि किसानों के लिए निर्धारित उर्वरकों की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यू.एन. नगाईच ने स्पष्ट कहा कि किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा, “जब तक किसानों के चेहरे पर संतोष और खुशी नहीं दिखाई देगी, तब तक विभाग का अभियान जारी रहेगा। किसानों के लिए आने वाली खाद किसानों तक ही पहुंचे, यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest