खरसिया विधायक उमेश पटेल के खिलाफ FIR दर्ज करने भाजपा युवा मोर्चा ने दिया आवेदन



तमनार। खरसिया विधायक एवं कांग्रेस नेता उमेश पटेल पर राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह “अशोक चक्र” के अपमान का आरोप लगाते हुए भाजपा युवा मोर्चा तमनार रोडोपाली मंडल ने तमनार थाना में आवेदन सौंपा। युवा मोर्चा ने मांग की है कि यह कार्य राष्ट्रीय सुरक्षा कानून 2005 अधिनियम के तहत देशद्रोह की श्रेणी में आता है, इसलिए विधायक के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान पूरे देश का अपमान है और इसे किसी भी परिस्थिति में सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं, जिसका यह ताजा उदाहरण है।

थाना परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आवेदन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए “उमेश पटेल मुर्दाबाद” और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” के नारे लगाए।

युवा मोर्चा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा और जनहित में सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest