तमनार क्षेत्र की सड़कें बदहाल, बारिश ने बढ़ाई परेशानीदेवगांव–पडिगांव–महालोई–गौरबाहरी मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और पानी, ग्रामीणों को हादसे का डर


तमनार। औद्योगिक नगरी तमनार क्षेत्र में बारिश के मौसम में ग्रामीण सड़कों की बदहाली सामने आ रही है। तमनार से देवगांव, पडिगांव, महलोई होते हुए गौरबाहरी मार्ग पर जगह-जगह सड़क की स्थिति खराब हो गई है। गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तस्वीरों में सड़क पर जमा पानी और कीचड़ की स्थिति साफ दिखाई दे रही है। कई जगह सड़क का किनारा भी कटकर कमजोर हो गया है। पडिगांव स्कूल के आसपास की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक बताई जा रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत करानी चाहिए।


प्रधानमंत्री सड़क का कब होगा स्थायी समाधान?
ग्रामीणों को उम्मीद है कि सुशासन की सरकार में गांवों की सड़क समस्या का स्थायी समाधान होगा। ग्रामीणों की मांग है कि तमनार से देवगांव–पडिगांव–महालोई–गौरबाहरी मार्ग का सर्वे कराकर आवश्यकतानुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अथवा संबंधित योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण/मरम्मत कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क गांवों की जीवनरेखा है। बरसात में जब सड़क पर चलना मुश्किल हो जाए तो विकास के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम शुरू होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest