ग्राम पंचायतों में कृषि अधिकारियों की लापरवाही, किसानों के हक पर डाका
तमनार ब्लॉक, रायगढ़: तमनार ब्लॉक के हमीरपुर और भगोरा ग्राम पंचायतों में कृषि अधिकारियों और ग्राम सेवकों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायतों में पदस्थ कृषि अधिकारी और ग्राम सेवक कभी अपने कार्यक्षेत्र में नजर नहीं आते। कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें इन अधिकारियों का नाम तक नहीं पता है, क्योंकि ये कभी गांव का दौरा नहीं करते।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कृषि विभाग से आने वाली सरकारी बीज और अन्य सामग्रियों का वितरण केवल चहेते लोगों तक सीमित रहता है, जबकि वास्तविक जरूरतमंद किसान वंचित रह जाते हैं। इससे क्षेत्र के किसानों में गहरी नाराजगी है।
सूत्रों की मानें तो यहां के कृषि अधिकारी का नाम अवैध धान के कारोबार में भी सामने आया था, जिसका मामला अभी भी चल रहा है। इसके अलावा, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के नाम पर किसानों से अनावश्यक खर्च की मांग की जाती है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
इन गंभीर आरोपों के बाद अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या सख्त कदम उठाता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

EDITOR VS KHABAR