रायगढ़। छत्तीसगढ़ की पहचान धान का कटोरा के रूप में पूरे देश में है। प्रदेश के किसानों की मेहनत और कृषि संस्कृति को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ करने का निर्णय किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस संबंध में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जांजगीर-चांपा जिला प्रभारी श्री पितेश बेहरा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान और आर्थिक समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
श्री बेहरा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय अन्नदाताओं के लिए बड़ी सौगात है। केंद्र सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है तथा राज्य सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से अंतर की राशि आदान सहायता के रूप में प्रदान कर रही है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी का प्रावधान किया गया है। साथ ही कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक की आदान सहायता सुनिश्चित करने का निर्णय किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करने वाला है। विशेष बात यह है कि कम उत्पादन के कारण यदि किसान 21 क्विंटल के स्थान पर 15 क्विंटल धान बेच पाता है, तब भी निर्धारित पात्रता एवं सत्यापित रकबे के आधार पर शेष अंतर की सहायता राशि देने का निर्णय सराहनीय है।
श्री बेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का विजन किसानों की आय बढ़ाना, कृषि को आधुनिक बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की सरकार इसी संकल्प को साकार करने के लिए लगातार किसान हितैषी योजनाओं और निर्णयों को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के किसानों के परिश्रम, सम्मान और विश्वास से जुड़ा विषय है। भाजपा सरकार द्वारा पारदर्शी खरीदी व्यवस्था, डिजिटल पंजीयन और आर्थिक सहायता के माध्यम से किसानों को मजबूती प्रदान की जा रही है। इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
श्री बेहरा ने कहा कि युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता किसानों के सम्मान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश का किसान समृद्ध होगा, तभी गांव मजबूत होंगे और विकसित छत्तीसगढ़ के साथ विकसित भारत का सपना साकार होगा।
अंत में श्री पितेश बेहरा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी एवं छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार का किसानों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

EDITOR VS KHABAR
