ग्राम पंचायत कोडकेल स्थित स्कूल प्रांगण में “युवा संकल्प – नशे से मुक्ति की पहल, नशामुक्त समाज” विषय पर भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड (गारे पेल्मा IV/4 परियोजना) एवं ‘आगाज़ – एक नई पहल संस्था’ के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस उपाधीक्षक रायगढ़ सुशांत बनर्जी तथा तमनार थाना प्रभारी टीआई कमला पूसाम उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि तथा कोडकेल सहित आसपास के ग्रामों के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बच्चों द्वारा अतिथियों का तिलक, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर नशामुक्ति का संदेश देने वाले गीत “नशा नाश की जड़ है भैया” का लोकार्पण पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा क्लैप बोर्ड के माध्यम से किया गया। इसके पश्चात मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा इसी गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

कोटरापाली की लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक ने नशे के सामाजिक, पारिवारिक और मानसिक दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित लोग भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने कोडकेल को नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया और आगामी एक माह के भीतर पंचायत को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशा केवल शराब या मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वह लत या आदत भी नशा है जो व्यक्ति को गलत रास्ते पर ले जाती है और अपराध की ओर धकेलती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित रखने की अपील की।
पुलिस उपाधीक्षक सुशांत बनर्जी ने जिले में प्रचलित विभिन्न प्रकार के नशों की जानकारी देते हुए ग्रामवासियों से सामाजिक स्तर पर संगठित होकर नशे के खिलाफ सख्त माहौल तैयार करने का आह्वान किया।
तमनार थाना प्रभारी टीआई कमला पूसाम ने कोडकेल की महिलाओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “जागृति नशामुक्ति समिति” के माध्यम से महिलाएं संगठित होकर नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ रही हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में ‘युवा संकल्प नशामुक्ति जागरूकता रथ’ को पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
आभार प्रदर्शन प्रेम कुमार सिंह द्वारा किया गया, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक शिक्षक रामधन मल्लाह ने किया।
कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी एवं सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से प्रेम कुमार सिंह (मानव संसाधन अधिकारी) एवं रंजना नाग (सीएसआर हेड) प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
वहीं ‘आगाज़ – एक नई पहल संस्था’ की ओर से फाउंडर मेंबर मोनिका इजारदार, प्रोग्राम ऑफिसर प्रकाश जायसवाल, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर राजेंद्र साहू, मास्टर ट्रेनर जय चौहान सहित बड़ी संख्या में वॉलिंटियर्स की सक्रिय सहभागिता रही।
यह पूरा कार्यक्रम हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड (गारे पेल्मा IV/4 परियोजना) एवं ‘आगाज़ – एक नई पहल संस्था’ के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समाचार संलंग्न कर्ता नरेश राठिया

EDITOR VS KHABAR
