रायगढ़। तमनार ब्लॉक के ग्राम पंचायत खुरूसलेंगा के ग्रामीणों ने गारे पेलमा सेक्टर-1 ओपनकास्ट कम अंडरग्राउंड कोल माइन्स परियोजना के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए निर्धारित लोकसुनवाई को रद्द करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर रायगढ़ को भेजे गए पत्र में बताया कि 14 अक्टूबर 2025 को ग्राम धौराभांठा में इस परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति की लोकसुनवाई प्रस्तावित है। लेकिन प्रस्तावित क्षेत्र में खुरूसलेंगा की कृषि भूमि, शासकीय भूमि एवं वनभूमि शामिल है, जिसे जिंदल पावर लिमिटेड को दिए जाने का विरोध किया जा रहा है।

ग्राम पंचायत खुरूसलेंगा में आयोजित ग्रामसभा में किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि वे अपनी किसी भी प्रकार की भूमि कंपनी को नहीं देंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यह खनन परियोजना भविष्य में क्षेत्र के पर्यावरण और कृषि पर गंभीर असर डालेगी।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि पर्यावरण और कृषि बचाने के लिए आगामी 14 अक्टूबर को होने वाली प्रस्तावित लोकसुनवाई को निरस्त किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने हस्ताक्षरयुक्त ग्रामसभा कार्यवाही की प्रति भी प्रशासन को सौंपी है।


EDITOR VS KHABAR
