तमनार महाविद्यालय को सुरक्षा की सौगात, बाउंड्री वॉल के लिए 53.70 लाख की मंजूरी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के दूरदर्शी विजन में जिले का विकास अब कागज़ों से निकलकर ज़मीन पर दिखने लगा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी ज़रूरतों पर सरकार का स्पष्ट फोकस है, जिसका लाभ आम जनमानस तक पहुँच रहा है।

शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। स्कूलों से लेकर महाविद्यालयों तक अधोसंरचना सुधार, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और शैक्षणिक माहौल को सुरक्षित व अनुशासित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में तमनार महाविद्यालय के लिए एक अहम निर्णय लिया गया है।

तमनार शासकीय महाविद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 53 लाख 70 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शैक्षणिक परिसर की सुरक्षा, सुव्यवस्था और गरिमा से जुड़ा कदम है। बाउंड्री वॉल बनने से महाविद्यालय परिसर अतिक्रमण से सुरक्षित रहेगा, छात्रों—विशेषकर छात्राओं—को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और शैक्षणिक गतिविधियाँ अधिक अनुशासनबद्ध ढंग से संचालित हो सकेंगी।

स्थानीय शिक्षा जगत और अभिभावकों में इस निर्णय को लेकर संतोष और उम्मीद दोनों दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि यह कदम क्षेत्र में उच्च शिक्षा को मजबूत आधार देगा और ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करेगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है। तमनार महाविद्यालय के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में जो यह छोटी-सी लेकिन ठोस कड़ी जुड़ी है, वह आने वाले समय में बड़े परिणाम देने वाली साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest