गरियाबंद। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज जिला इकाई गरियाबंद ने समाज की नेत्रहीन बेटी कुमारी प्रीती यादव ग्राम बरभाठा के शिक्षा और खेल में आगे बढ़ने के सपनों को साकार करने के लिए एक सराहनीय पहल की है।

दृष्टिबाधित होते हुए भी प्रीती ने अपनी मेहनत और लगन से शिक्षा व खेल दोनों क्षेत्रों में कई पुरस्कार और सम्मान अर्जित किए हैं। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए आवश्यक सहयोग को लेकर प्रीती ने अपने समाज के समक्ष अपनी व्यथा रखी और इस विषय में प्रदेश महामंत्री सुनील यादव को भी विस्तृत जानकारी दी।

इस पहल का आगाज़ समाज के प्रदेश महामंत्री एवं प्रवक्ता, सुनील यादव ने अपने सामाजिक ग्रुप में प्राथमिकता से किया। उनकी पहल पर समाज के समस्त जिला एवं परिक्षेत्र पदाधिकारी गंभीरता से एकजुट हुए और राजिम स्थित समाज भवन में बैठक बुलाई गई। इस बैठक में प्रीती यादव को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
बैठक के दौरान प्रीती की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद समाज ने तत्परता दिखाते हुए सभी की संयुक्त सहयोग से प्रीती को 55 हजार रुपये की सहयोग राशि एवं सम्मान प्रमाण पत्र आशीर्वादस्वरूप प्रदान किया गया।


उपस्थित सामाजिक पदाधिकारियों के विचार
इस अवसर पर उपस्थित सुनील कुमार यादव ने कहा कि
समाज की बेटियाँ ही उसका भविष्य होती हैं। आज प्रीती ने यह दिखा दिया है कि कठिन परिस्थितियाँ भी किसी के सपनों को रोक नहीं सकतीं। समाज का यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उसकी मेहनत और हौसले को सम्मान देने का सामूहिक संकल्प है।
सहयोग पाकर भावुक प्रीती यादव ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं यादव समाज की बेटी हूँ। आज मेरे समाज ने मुझे प्रेरणा और आशीर्वाद देते हुए जो सहयोग दिया है, उससे मेरा हौसला और बढ़ा है। मैं शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में जी-जान से मेहनत कर समाज का नाम गौरवान्वित करूंगी।
समाज के जिलाध्यक्ष भुवन यादव ने कहा कि समाज की असली पहचान उसकी बेटियों की प्रगति से होती है। प्रीती जैसे उदाहरण समाज को नई दिशा और प्रेरणा देते हैं।
कोषाध्यक्ष पूनाराम यादव ने कहा कि हम सबका कर्तव्य है कि जिन बेटियों ने संघर्षों के बावजूद समाज का नाम रोशन किया है, उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाए। यह सहयोग समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष भुनेश्वरी यादव ने कहा कि
बेटियों की शिक्षा और सम्मान में सहयोग करना नारी शक्ति का दायित्व है। आज प्रीती को दिया गया सहयोग समाज की नई पीढ़ी की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
दानी यादव (राजिम) ने कहा कि संघर्षों के बीच मिली उपलब्धियाँ ही समाज के लिए प्रेरणा बनती हैं। प्रीती का यह प्रयास हम सबके लिए गौरव है और उसे सहयोग देना हमारी जिम्मेदारी है।
मनहरण यादव (शिक्षक) ने कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रीती ने यह साबित किया है कि कठिनाइयाँ केवल हौसला बढ़ाती हैं। ऐसे बच्चों को सहयोग करना समाज का सौभाग्य है।
तीरथ यादव ने कहा यह बेटी केवल गरियाबंद ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की शान है। समाज की यह एकजुटता आने वाली कई बेटियों को प्रेरणा और मार्गदर्शन देगी।
वहीं, समाज के जिला संरक्षक दयाराम यादव और परिक्षेत्र अध्यक्ष प्रेम नारायण यादव ने कहा कि जब पूरा समाज अपनी बेटियों के सपनों को साकार करने के लिए खड़ा होता है, तभी उसकी असली ताकत दिखती है। यह पहल केवल सहयोग ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्थान और एकता का संदेश भी है। इस बैठक की तैयारियों में परिक्षेत्र अध्यक्ष प्रेम नारायण यादव का विशेष योगदान रहा,जिन्होंने सक्रियता से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
सामाजिक संगठन के मुखिया प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने प्रीती को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि समाज सभी पहलुओं में अपनी प्रत्येक बेटियों के साथ खड़ा है। इस विशेष पहल पर मैं गरियाबंद जिले के समस्त पदाधिकारियों और समाजबंधुओं को भी शुभकामनाएँ देता हूँ।

EDITOR VS KHABAR
