घरघोड़ा में उर्वरक विक्रेताओं पर छापामार कार्रवाई, गड़बड़ी मिलने पर महामाया कृषि केंद्र की बिक्री पर अनिश्चितकालीन रोक

राज्य शासन के निर्देशानुसार किसानों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को घरघोड़ा ब्लॉक अंतर्गत संचालित निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों में उर्वरक निरीक्षक यू.एन. नगाइच एवं उनकी टीम द्वारा फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर (FCO) के तहत औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान महामाया कृषि केंद्र, घरघोड़ा में उर्वरक स्कंध से संबंधित दस्तावेजों, स्टॉक पंजी और भौतिक उपलब्धता का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान संस्थान द्वारा उर्वरकों के भंडारण एवं विक्रय में अनियमितताएं पाई गईं। नियमों के उल्लंघन और गड़बड़ी की पुष्टि होने पर उर्वरक निरीक्षण दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संस्थान की उर्वरक बिक्री पर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है।

इस प्रकार की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य किसानों को ठगे जाने से बचाना, कृषि उत्पादन में गिरावट रोकना और उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना है। उर्वरक निरीक्षक नगाइच ने जानकारी दी कि जिले में सभी निजी उर्वरक विक्रेताओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की यह सख्ती आने वाले खरीफ सीजन को देखते हुए और भी अहम मानी जा रही है, ताकि किसानों को समय पर सही दामों में आवश्यक उर्वरक उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest