खबर का असर : ओड़िशा बार्डर क्षेत्रों में SDM दुर्गा प्रसाद अधिकारी (IAS) की त्वरित कार्रवाई, केशरचूआ, टांगरघाट, सूखा तालाब और बरकच्छार में चेकपोस्ट स्थापित — क्षेत्र की जनता ने दी विशेष धन्यवाद



रायगढ़/तमनार — खबर का असर एक बार फिर देखने को मिला है। हाल ही में प्रकाशित समाचार में बताया गया था कि तमनार क्षेत्र के ओड़िशा बार्डर से लगे ग्राम — केशरचूआ, टांगरघाट, सूखा तालाब और बरकच्छार में खरीफ फसल वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध धान कारोबार की गतिविधियां बढ़ रही हैं।



विश्वसनीय सूत्रों से लगातार ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि इन सीमावर्ती इलाकों से धान की अवैध आवाजाही की जा रही है। इस पर कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा जिला रायगढ़ के SDM दुर्गा प्रसाद अधिकारी (IAS) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

SDM दुर्गा प्रसाद अधिकारी, जो अपने सक्रिय प्रशासनिक कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं, ने स्वयं एक्शन मोड में आकर संबंधित क्षेत्रों — केशरचूआ, टांगरघाट, सूखा तालाब और बरकच्छार — में चेकपोस्ट स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया है।

सूत्रों के अनुसार, SDM दुर्गा प्रसाद अधिकारी स्वयं भी शीघ्र ही इन क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण करने जा रहे हैं, ताकि कार्रवाई का असर प्रत्यक्ष रूप से देखा जा सके और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

इस सराहनीय कदम से प्रशासन की गंभीरता साफ झलकती है कि अब अवैध धान परिवहन पर सख्त रोक लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

क्षेत्र की जनता ने SDM दुर्गा प्रसाद अधिकारी (IAS) को विशेष धन्यवाद प्रेषित किया है। उनका कहना है कि अधिकारी की ऐसी त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगेगी, बल्कि वास्तविक किसान सही समय पर अपना धान बेच पाएंगे और उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होगा।

जनता का मानना है कि दुर्गा प्रसाद अधिकारी जैसे ऊर्जावान और जनहितैषी अधिकारी प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं — जिनकी संवेदनशीलता और तत्परता आम नागरिकों के विश्वास को और अधिक मजबूत करती है।

विशेष समाचार संकलन कर्ता नरेश राठिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest