गारें ग्राम के किसानों का जिंदल कंपनी के खिलाफ धरना प्रदर्शन
मुआवजा भुगतान में देरी को लेकर भड़के ग्रामीण

रायगढ़ जिले के तमनार तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गारें के किसानों ने जिंदल कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम गारें में सड़क चौड़ीकरण एवं किसानों के खेतों में मिट्टी डालने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से मुआवजा की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि जिंदल कंपनी द्वारा पहले किसानों को आश्वासन दिया गया था कि एक सप्ताह के भीतर गारें 4/6 कोयला खदान से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दे दिया जाएगा, परंतु समय बीत जाने के बाद भी कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किया गया।

मुआवजा देने में लगातार टालमटोल किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने अब जिंदल कंपनी के मुख्य गेट के सामने धरना प्रारंभ कर दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगे।

स्थानीय प्रशासन को सूचना मिलने पर राजस्व विभाग एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।

नरेश राठिया की विशेष रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest